31 मार्च 2020 - 13:03
ईरान में कोरोना वायरस के विरुद्ध जंग में सफलता, जनता के सहयोग के कारण हैः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि ईरान में कोरोना वायरस के विरुद्ध जंग में सफलता जनता के सहयोग के कारण है।

डाक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार को मंत्रीमण्डल की बैठक में कोरोना के खिलाफ़ किये जा रहे संघर्ष में जनता द्वारा किये गए सहयोग की सराहना की।

उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार संसार के अन्य देशों में कोरोना से प्रभावितों की तुलना में ईरान की स्थिति काफ़ी बेहतर है।  राष्ट्रपति रूहानी ने कोरोना के विरुद्ध संघर्ष में लगे चिकित्सा दल के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश के कुछ राज्यों के अस्पतालों में कोरोना से प्रभावित लोगों के आने की संख्या कम हुई है जबकि इसकी तुलना में अस्पतालों से ठीक होकर वापस जाने वालों की संख्या अधिक है।

डाक्टर हसन रूहानी ने देश के गणतंत्र दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि 41 वर्ष पूर्व आज ही के दिन देश की जनता के बहुमत से ईरान में इस्लामी लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में मतदान किया गया था।  पहली अप्रैल 1979 को कराए गए जनमत सर्वेक्षण में 98 प्रतिशत लोगों ने ईरान में इस्लामी लोकतांत्रिक व्यवस्था के समर्थन में वोट डाले थे।  यही कारण है कि इस दिन को ईरान में गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।